एक अनोखा मंदिर जिसमे भोलेनाथ पूरे 12 महीने रहते हैं जलमग्न

एक अनोखा मंदिर जिसमे भोलेनाथ पूरे 12 महीने रहते हैं जलमग्न 


यूं तो पूरे भारत में ही भगवान शिव के मंदिर मौजूद हैं और विशेष महत्व भी रखते हैं और  जिनके बारे में जानकर श्रद्धालु हैरान रह जाते हैं, पर क्या आपको पता है भारत में एक ऐसी जगह भी है जहाँ भगवान शिव सदैव जलमग्न रहते हैं।  लेकिन यह सच है। मध्य प्रदेश के देवास के चापड़ा में एक ऐसा अनूठा मंदिर है, जिसमें भगवान शिव 12 महीने जलमग्न रहते हैं। भोले के भक्त पानी के अंदर से ही उनकी आराधना करते हैं। सावन माह के दौरान भगवान शिव की विशेष अनुकंपा प्राप्त करने के लिए भक्त पूरी श्रद्धा से पूजा करते हैं। कहते हैं इस माह में शिव का रुद्राभिषेक करने से मनोवांछित फलों की प्राप्ति होती है। इसलिए इस महीने शिव भक्त बड़ी संख्या में रुद्राभिषेक करते हैं। कुछ श्रद्धालु पूरे सावन हर दिन शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं।भारत में भगवान शिव के अनेक ऐसे मंदिर हैं,।  कहा जाता है कि दुनिया में ऐसे तीन ही मंदिर थे, जिनमें से अब एक ही जीवंत स्थिति में है। यहां सावन मास में रुद्राभिषेक किया जाता है। वैसे तो यहां लोगों का दर्शनार्थ आना-जाना रहता है, लेकिन सावन के महीने  में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। आइए जानते हैं, इस अनोखे मंदिर की कहानी और सावन में इसके दर्शन का महत्व।

इस मंदिर का नाम चंद्रकेश्वर मंदिर है और यह इंदौर से 65 किलोमीटर दूर इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। इंदौर, मध्य प्रदेश से 65 किमी की दूरी पर देवास के चापड़ा में चंद्रकेश्वर मंदिर स्थित है, जो कि इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी हुयी जगह है | चूँकि यह जगह चारो तरफ से सतपुड़ा की पहाड़ियों व जंगलो से घिरी हुयी है, अत: यहाँ का वातावरण यहाँ आने वालों के दिल को लुभा जाता है | साल भर यहाँ आने वाले भक्तो का ताँता लगा रहता है | प्राकृतिक सुंदरता से सराबोर इस मंदिर में हमेशा भक्तों की भीड़ रहती है। धार्मिक मान्यता है कि मंदिर में स्थापित शिवलिंग करीब 3 हजार साल पुराना है। यहां पर मुख्य मंदिर के साथ राम दरबार और हनुमानजी का मंदिर भी है। 

मंदिर के समीप ही चंद्रकेश्वर नदी बहती है। मंदिर के पास ही एक झरना है। इसमें स्नानकर लोग भगवान की पूजा-अर्चना करते हैं। यहां चार गुफाएं भी हैं। इनके बारे में बताया जाता है यह करीब 500 साल पुरानी हैं। मुख्य मंदिर से लगा घना वटवृक्ष है और पास से ही चंद्रकेश्वर नदी गुजरती है, जो आगे जाकर चंद्रकेश्वर डैम (बांध) में मिलती है।

हालांकि मंदिर की स्थापना से जुड़ी एक पौराणिक कथा के अनुसार, औषधि रूपी च्यवनप्राश को विकसित करने वाले च्यवन ऋषि ने इस चंद्रकेश्वर मंदिर की स्थापना की थी। स्वयं माता नर्मदा यहां प्रकट हुई थीं। इस तीर्थस्थली का उल्लेख भागवत पुराण में भी मिलता है। तभी से यहां एक वटवृक्ष से जलधारा निकलती है, जिससे शिवलिंग जलमग्न रहता है। ऐसा कहा जाता है कि च्यवन ऋषि ने इस भूमि पर तप किया था। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर स्वयं मां नर्मदा ने प्रकट होकर दर्शन दिए थे।  'इतनी ही नहीं च्यवन ऋषि के बाद भी कई ऋषियों ने यहाँ तप किया था, जिनमें सप्त ऋषि प्रमुख थे । चूँकि सप्त ऋषियों ने भी यहाँ पर तप किया था अत: यहाँ पर उनके नाम का भी एक कुंड मौजूद है, जिसमे स्नान करने से इन्सान को सभी पापों से मुक्ति प्राप्त होती है | 

देखने लायक ये है जगह -  मंदिर के पास कई दर्शनीय और ऐतिहासिक स्थल हैं। यहां परमार और प्रतिहार काल की कई अद्भुत प्रस्तरशिल्प पाए जाते हैं। मंदिर के पास ही एक ही पत्थर पर उकेरी गई प्रतिहार कालीन दुर्लभ प्रतिमा है। कहते हैं ये प्रतिम सैकड़ों वर्ष पुरानी है- यहां कुछ गुफा और सदियों पुराने किले के अवशेष के अलावा श्रीविष्णु गोशाला श्रीराम मंदिर, अंबे माता मंदिर, हनुमान मंदिर मौजूद हैं।

किस्मत चमकाने और धनवान बनने के लिए करें सूर्य उपासना

किस्मत चमकाने और धनवान बनने के लिए करें सूर्य उपासना


सूर्य की उपासना के बिना किसी का कल्याण संभव नहीं है।   भले ही अमरत्व प्राप्त करने वाले देव ही क्यों न हो।  शास्त्रों में कहा गया है की सूर्य को अधर्य दिए बिना भोजन करना, पाप खाने के सामान है।  भारतीय पद्धति के अनुसार सूर्य की उपासना किये बिना कोई भी मानव किसी भी शुभ कर्म का अधिकारी नहीं बन सकता।  

सक्रांति व् सूर्य छटी के अवसर पर सूर्य की उपासना का विशेष विधान बनाया गया है।  नियमानुसार हर रविवार को सूर्य की उपासना की जाती है क्योकि रविवार सूर्य का दिन माना गया है।  पौराणिक धार्मिक ग्रंथों में भगवान सूर्य के अर्घ्यदान की विशेष महत्ता बताई गई है।  महाभारत ग्रंथ के अनुसार कर्ण रोज सुबह सूर्य पूजा करते थे। कई कथाओं में बताया गया है कि भगवान श्रीराम भी प्रति द‌िन सूर्य को जल चढ़ाकर पूजा करते थे।प्रतिदिन प्रात:काल में तांबे के लोटे में जल लेकर और उसमें लाल फूल, चावल डालकर प्रसन्न मन से गायत्री मंत्र का जप करते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य देना चाहिए। जल चढ़ाते समय सूर्य मंत्र ऊँ सूर्याय नम: का जाप भी करना चाहिए। इसके अलावा हम सूर्य को जल चढ़ाते समय भगवन सूर्य के बारह नामो को भी बोल सकते है।  ऐसा करने से सूर्यदेव की विशेष कृपा प्राप्त होती है। यह बारह नाम इस प्रकार है :-
ॐ सूर्याय नम: ।  ॐ भास्कराय नम:।  ॐ रवये नम: ।
 ॐ मित्राय नम: ।  ॐ भानवे नम:  ॐ खगय नम: ।
ॐ पुष्णे नम: ।  ॐ मारिचाये नम: ।  ॐ आदित्याय नम: ।
 ॐ सावित्रे नम: ।  ॐ आर्काय नम: ।  ॐ हिरण्यगर्भाय नम: ।

इस प्रकार के अर्घ्यदान से भगवान ‍सूर्य प्रसन्न होकर आयु, आरोग्य, धन, धान्य, पुत्र, मित्र, तेज, यश, विद्या, वैभव और सौभाग्य को प्रदान करते हैं।  


पौराणिक धार्मिक ग्रंथों में भगवान सूर्य के अर्घ्यदान की विशेष महत्ता बताई गई है।  प्रात:काल का सूर्य कोमल होता है उसे सीधे देखने से आंखों की ज्योति बढ़ती है।  सूर्य को जल धीमे-धीमे इस तरह चढ़ाएं कि जलधारा धरती पर न गिरके किसी पात्र में गिरे और फिर उस जल को पोधो में डाल दे। जमीन पर जलधारा गिरने से जल में समाहित सूर्य-ऊर्जा धरती में चली जाएगी और सूर्य अर्घ्य का संपूर्ण लाभ आप नहीं पा सकेंगे। सूर्य को जल अर्पित करने के बाद अपने स्थान पर ही तीन बार घुम कर परिक्रमा करें। कहा जाता है कि सूर्य की उपासना करने वाले मनुष्य जो कुछ सामग्री सूर्य के लिए अर्पित करते है , भगवान् भास्कर अर्थात सूर्य उन्हें लाख गुना करके वापस लोटा देते है।  सूर्य की आराधना इसलिए भी की जानी चाहिए क्योकि वह मनुष्य के शुभ और अशुभ कर्मो के साक्षी है।  उनसे हमारा कोई भी कार्य या व्यवहार छिपा नहीं रह सकता।  जिन लोगों को घर-परिवार और समाज में मान-सम्मान चाहिए, जिन्हें हमेशा कोई अज्ञात भय सताता रहता है, जो निराशावादी हों, जिन लोगों की कुंडली में सूर्य कमजोर हो तथा जिनमें आत्म-विश्वास की कमी हो, इन सब लोगो को सुबह जल्दी उठकर सूर्य को जल जरूर चढाना चाहिये।  

गंगा को पवित्र नदी क्यों कहा जाता है तथा क्यों पवित्र है गंगा जल ?

गंगा को पवित्र नदी क्यों कहा जाता है तथा क्यों पवित्र है गंगा जल ?



ऐसा कहा जाता है कि पृथ्वी पर गंगा का अवतरण राजा भागीरथ के कठिन तप से हुआ था।  राजा भागीरथ के 5500 सालों की घोर तपस्या से खुश होकर देवी गंगा पृथ्वी पर अवतरित हुईं।  गंगा नदी भारत की सबसे लंबी नदी है और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी नदी है। गंगा प्राचीन काल से ही भारतीय लोगो में अत्यंत पूजनीय रही है।  इसका धार्मिक महत्व जितना है , विश्व में शायद ही किसी नदी का होगा।  यह विश्व की एकमात्र नदी है, जिसे श्रद्धा से माता कहकर पुकारा जाता है।  गंगा नदी को भारत में सबसे ज्यादा पवित्र माना जाता है। सनातन धर्म के सबसे पवित्र और पुरातन ग्रंथ 'ऋगवेद' में भी गंगा नदी का जिक्र है।  इस ग्रंथ में गंगा को जाह्नवी कहा गया है। गंगा नदी अपने विशेष जल और इसके विशेष गुण के कारण मूल्यवान मानी जाती है। यह भी माना जाता है कि गंगा का जन्म भगवान् विष्णु के पैरों से हुआ था।  साथ ही यह भी माना जाता है की माँ गंगा शिव जी की जटाओं में निवास करती हैं।   गंगा स्नान , पूजन और दर्शन करने से पापों का नाश होता है, व्याधियों से मुक्ति होती है।  जो तीर्थ गंगा किनारे बसे हुए हैं, वे अन्य की तुलना में ज्यादा पवित्र माने जाते हैं। गंगा नदी के किनारे बहुत सारे तीर्थ स्थल हैं, जिनमें इलाहाबाद, वाराणसी, कानपुर, पटना और हरिद्वार मुख्य हैं।  घर हो या मंदिर हर कहीं शुभ कार्यों के लिए गंगा जल का प्रयोग किया जाता है।  हिंदू धर्म में किसी के भी जन्म या मृत्यु के बाद गंगा जल से घर को शुद्ध करने की परंपरा है। साथ ही, यदि कोई मरने की स्थिति में हो तो उसे गंगा जल पिलाने और दाह संस्कार के बाद उसकी राख को गंगा के पवित्र जल में प्रवाहित करने की भी पंरपरा रही है, क्योंकि धार्मिक मान्यताओं में गंगा पापों का नाश कर मोक्ष देने वाली देव नदी मानी गई है।  एक अध्ययन में यह भी पाया गया है कि गंगा के पानी ने मच्छर प्रजनन नहीं करते जबकि दूसरे पानी में मलेरिया के मच्छर प्रजनन करते हैं।  इस प्रकार के गुण अन्य किसी नदी के जल में नहीं पाए गए हैं। इस तरह गंगा जल धर्म भाव के कारण मन पर और विज्ञान की नजर से तन पर सकारात्मक प्रभाव देने वाला है। शायद इसीलिए हमारे ऋषियों ने गंगा को पवित्र नदी माना होगा। इसीलिए इस नदी का जल कभी सड़ता नहीं है। यह  केवल धार्मिक नजरिए से ही पवित्र नहीं है, बल्कि विज्ञान ने भी गंगा के जल को पवित्र माना है।


गंगा जल पर किये शोध कार्यो से स्पष्ट है की वह वर्षो तक रखने पर भी ख़राब नहीं होता है।  स्वास्थवर्धक तत्वों की अधिकता होने के कारण गंगा का जल अमृत के तुल्य, सर्व रोगनाशक, पाचक, मीठा, उत्तम, ह्रदय के लिए हितकर, आयु बढ़ाने वाला तथा त्रिदोष नाशक होता है।  कई इतिहासकार भी बताते हैं कि सम्राट अकबर स्वयं तो गंगा जल का सेवन करते ही थे, मेहमानों को भी गंगा जल पिलाते थे। वे लिखते हैं कि अंग्रेज़ जब कलकत्ता से वापस इंग्लैंड जाते थे, तो पीने के लिए जहाज में गंगा का पानी ले जाते थे, क्योंकि वह सड़ता नहीं था। इसके विपरीत अंग्रेज़ जो पानी अपने देश से लाते थे वह रास्ते में ही सड़ जाता था। गंगा जल में पर्याप्त तत्व जैसे कैल्शियम, पोटेशियम, सोडियम आदि पाए जाते है और 45 प्रतिशत क्लोरीन होता है जो जल में कीटाणुओं को पनपने से रोकता है।  इसी की उपस्थिति के कारण पानी सड़ता नहीं और न ही उसमे कीटाणु पैदा होते है।  गंगा जल की वैज्ञानिक खोजों ने साफ कर दिया है कि गंगा गोमुख से निकलकर मैदानों में आने तक अनेक प्राकृतिक स्थानों, वनस्पतियों से होकर प्रवाहित होती है। इसलिए गंगा जल में औषधीय गुण पाए जाते हैं जो व्यक्ति को शक्ति प्रदान करते हैं। यह जल सभी तरह के रोग काटने की दवा भी है। वैज्ञानिक कहते हैं कि गंगा के पानी में बैक्टीरिया को खाने वाले बैक्टीरियोफ़ाज वायरस होते हैं। ये वायरस बैक्टीरिया की तादाद बढ़ते ही सक्रिय होते हैं और बैक्टीरिया को मारने के बाद फिर छिप जाते हैं। ये वायरस बैक्टीरिया की तादाद बढ़ते ही सक्रिय होते हैं और बैक्टीरिया को मारने के बाद फिर छिप जाते हैं। जिससे गंगा का जल लंबे समय तक प्रदूषित नहीं होता है। गंगा के पानी में प्रचूर मात्रा में गंधक भी होता है, इसलिए यह लंबे समय तक खराब नहीं होता और इसमें कीड़े नहीं पैदा होते। हालांकि इन गुणों के पीछे का कारण अभी बहुत हद तक अज्ञात है, कुछ लोग इसे चमत्कार कहते हैं और कुछ लोग इसे जड़ी-बूटियों और आयुर्वेद से जोड़ते हैं।  विज्ञान भी इसके दैवीय गुणों को स्वीकार करता है।  अध्यात्मिक जगत में इसको सकारात्मक उर्जा का चमत्कार कह सकते हैं।  


गंगा स्नान की महिमा 
कहा जाता है जैसे अग्नि ईंधन को जला देती है, उसी प्रकार सैकड़ो निषिद्ध कर्म करके भी यदि गंगा स्नान किया जाये तो उसका जल उनके सब पापो को  भस्म कर देता है। कुरुक्षेत्र में स्नान करके मनुष्य पुण्य प्राप्त कर सकता है, पर कनखल और प्रयाग में स्नान  अपेक्षाकृत अधिक विशेष है। प्रयाग के स्नान को अधिक पवित्र माना गया है। गंगा में स्नान करने या इसका जल पीने का पुण्य पूर्वजों की सातवीं पीढ़ी तक पहुंचता है। जिन-जिन स्थानों से होकर गंगा बहती हैं, उन स्थानों को पवित्र माना गया है।गंगा स्नान से पुण्य प्राप्ति के लिए श्रद्धा आवश्यक है। कहा गया है कि शुक्ल प्रतिपदा को गंगा स्नान नित्य स्नान से सौ गुना लाभदायक होता है। गंगा दशहरा पर गंगा स्नान व दान की भारी महिमा है। गंगा दशमी को व्रत करने से भगवान विष्णु जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। संक्रांति के दिन का स्नान नित्य स्नान से हजार गुना और  चंद्र-सूर्य ग्रहण का स्नान लाख गुना लाभदायक है। चंद्रग्रहण सोमवार को तथा सूर्यग्रहण रविवार को पड़ने पर उस दिन का गंगा स्नान असंख्य गुना पुण्यकारक होता है।

अपरा एकादशी पर विष्णु भगवान की पूजा करने से हो जाती हैं सभी मनोकामनाएं पूरी।

अपरा एकादशी पर विष्णु भगवान की पूजा करने से हो जाती हैं सभी मनोकामनाएं पूरी।  


अपरा एकादशी के दिन भगवान विष्णु की विशेष पूजा की जाती है. मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से पूजा अर्चना करने से भगवान विष्णु की कृपा अवश्य मिलती है।  अपरा एकादशी को अचला एकादशी भी कहते हैं ।सोमवार, 18 मई को अपरा एकादशी है। इस दिन विधि-विधान से भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। एकादशी के दिन विष्णु भगवान की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं और भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त होता है। अपरा या कहें अचला एकादशी का हिंदू धर्म में बहुत अधिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस एकादशी का उपवास रखने से पापी से पापी मनुष्य के पाप भी कट जाते हैं और अपार खुशियां मिलती हैं। मकर संक्रांति के समय गंगा स्नान, सूर्यग्रहण के समय कुरुक्षेत्र और शिवरात्रि के समय काशी में स्नान करने से जो पुण्य मिलता है उसके समान पुण्य की प्राप्ति अपरा एकादशी के व्रत से होती है। हालांकि समस्त एकादशियों में ज्येष्ठ मास की शुक्ल एकादशी जिसे निर्जला एकादशी कहते हैं सर्वोत्तम मानी जाती है लेकिन ज्येष्ठ महीने की ही कृष्ण एकादशी भी कम नहीं मानी जा सकती। इस एकादशी को अपरा (अचला) एकादशी कहा जाता है। पदमपुराण के अनुसार इस व्रत को करने वाले मनुष्य को जीते जी ही नहीं बल्कि मृत्यु के बाद भी लाभ मिलता है। अपरा एकादशी का पुण्‍य अपार है. कहते हैं कि इस एकादशी का व्रत करने से व्‍यक्ति के सभी पाप नष्‍ट हो जाते हैं और वह भवसागर से तर जाता है।  मान्‍यता है कि इस दिन 'विष्‍णुसहस्त्रानम्' का पाठ करने  से सृष्टि के पालनहार श्री हरि विष्‍णु की विशेष कृपा बरसती है।  जो लोग एकादशी का व्रत नहीं कर रहे हैं उन्‍हें भी इस दिन भगवान विष्‍णु का पूजन करना चाहिए और चावल का सेवन नहीं करना चाहिए। 

जब धर्मराज युधिष्ठिर भगवान श्रीकृष्ण से कहने लगे कि- हे भगवन्! ज्येष्ठ कृष्ण एकादशी का क्या नाम है तथा उसका माहात्म्य क्या है, सो कृपा कर कहिए।  तब भगवान श्रीकृष्ण कहने लगे कि हे राजन यह एकादशी ‘अचला’ तथा 'अपरा' दो नामों से जानी जाती है। यह व्रत पापरूपी वृक्ष को काटने के लिए कुल्हाड़ी है। पापरूपी ईंधन को जलाने के लिए अग्नि, पापरूपी अंधकार को मिटाने के लिए सूर्य के समान, मृगों को मारने के लिए सिंह के समान है। अत: मनुष्य को पापों से डरते हुए इस व्रत को अवश्य करना चाहिए।

इस बार अपरा एकादशी 18 मई 2020 सोमवार को पड़ रही है. अपरा एकादशी पर विष्णु भगवान की पूजा अर्चना का भी अपना अलग महत्व होता है । अपरा एकादशी पर श्रद्धालु पूरा दिन व्रत रहकर शाम के समय भगवान विष्णु की पूजा अर्चना करते हैं जिससे उनको मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है ।  मान्यता है कि अपनी गलतियों की क्षमा प्राप्ति के लिए अपरा एकादशी पर विधि विधान से पूजा अर्चना करने से भगवान विष्णु की कृपा अवश्य मिलती है।

अपरा एकादशी की पूजा विधि

  • अपरा एकादशी पर भगवान विष्णु की पूजा एक दिन पहले दशमी तिथि की रात्रि से ही शुरू हो जाती है ।
  • दशमी तिथि के दिन सूर्यास्त के बाद भोजन ग्रहण नहीं करना चाहिए ।
  • -एकादशी की सुबह सूर्योदय से पहले उठें और अपने स्नान के जल में गंगाजल मिलाकर स्नान करें और साफ कपड़े पहन कर विष्णु भगवान का ध्यान करना चाहिए.
  • पूर्व दिशा की तरफ एक पटरे पर पीला कपड़ा बिछाकर भगवान विष्णु की फोटो को स्थापित करें. इसके बाद धूप दीप जलाएं और कलश स्थापित करें.
  • भगवान विष्णु को अपने सामर्थ्य के अनुसार फल-फूल, पान, सुपारी, नारियल, लौंग आदि अर्पण करें और स्वयं भी पीले आसन पर बैठ जाएं ।
  • अपने दाएं हाथ में जल लेकर अपनी मुश्किलों को खत्म करने की प्रार्थना भगवान विष्णु से करें ।
  • पूरा दिन निराहार रहकर शाम के समय अपरा एकादशी की व्रत कथा सुनें और फलाहार करें ।
  • शाम के समय भगवान विष्णु की प्रतिमा के सामने एक गाय के घी का दीपक जलाएं ।

अपरा एकादशी के दिन बरतें ये सावधानियां

  • धार्मिक मान्यताओं के अनुसार एकादशी के पावन दिन चावल का सेवन नहीं करना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि इस दिन चावल का सेवन करने से मनुष्य का जन्म रेंगने वाले जीव की योनि में होता है। इस दिन जो लोग व्रत नहीं रखते हैं, उन्हें भी चावल का सेवन नहीं करना चाहिए।
  • एकादशी का पावन दिन भगवान विष्णु की अराधना का होता है, इस दिन सिर्फ भगवान का गुणगान करना चाहिए। एकादशी के दिन गुस्सा नहीं करना चाहिए और वाद-विवाद से दूर रहना चाहिए। 
  • अपरा एकादशी के दिन देर तक ना सोएं ।
  •  घर में लहसुन प्याज और तामसिक भोजन बिल्कुल भी ना बनाएं ।
  • एकादशी की पूजा पाठ करते समय साफ-सुथरे कपड़े पहनकर ही पूजा करें ।
  • अपरा एकादशी का व्रत विधान करते समय परिवार में शांतिपूर्वक माहौल बनाए रखें 
  • एकादशी के पावन दिन मांस- मंदिरा का सेवन नहीं करना चाहिए। इस दिन ऐसा करने से जीवन में तमाम तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस दिन व्रत करना चाहिए। अगर आप व्रत नहीं करते हैं तो एकादशी के दिन सात्विक भोजन का ही सेवन करें। 

एकादशी तिथि का आरंभ: 17 मई 2020 को 12:44 बजे
एकादशी तिथि का समापन: 18 मई 2020 को 15:08 बजे
अपरा एकादशी पारण समय: 19 मई 2020 को प्रात: 05:27:52 से 08:11:49 बजे तक
अवधि: 2 घंटे 43 मिनट

ओम नमो नारायणाय

भगवान श्रीराम बारह कला के अवतार माने गए तथा श्रीकृष्ण सोलह कला के। जानिये क्या है ये कलाओ का चक्कर ?

भगवान श्रीराम बारह कला के अवतार माने गए तथा श्रीकृष्ण सोलह कला के।  जानिये क्या है ये कलाओ का चक्कर ? 


भगवान विष्णु के दशावतार बताये जाते हैं जिनमें 9 अवतार रूप धारण कर चुके हैं जबकि दसवें अवतार का जन्म लेना अभी बाकि है। मान्यता है कि विष्णु का दसवां अवतार कल्कि होगें जो कलयुग के अंत में अवतरित होंगे और श्वेत अश्व पर सवार हो दुष्टों का संहार करेंगें। अभी तक विष्णु ने जितने भी अवतार रूप लिये हैं उनमें श्री कृष्ण सबसे श्रेष्ठ अवतार माने जाते हैं क्योंकि उनमें किसी भी व्यक्ति में संभव होने वाली समस्त  सोलह कलाएं मौजूद थी। हमारे ग्रंथों में अब तक हुए अवतारों का जो विवरण है उनमें मत्स्य, कश्यप और वराह में एक-एक कला, नृसिंह और वामन में दो-दो और परशुराम मे तीन कलाएं बताई गई हैं। श्री राम ने बारह कलाओं के साथ अवतार लिया था। भगवान श्रीकृष्ण ही सोलह कलाओं के स्वामी माने जाते हैं। भगवान राम 12 कलाओं के ज्ञाता थे तो श्रीकृष्ण सभी 16 कलाओं के ज्ञाता हैं। चंद्रमा की सोलह कलाएं होती हैं। सोलह श्रृंगार के बारे में भी आपने सुना होगा।  उपनिषदों अनुसार 16 कलाओं से युक्त व्यक्ति ईश्वरतुल्य होता है। १६ कलाओं की चर्चा का आरम्भ क्यों हुआ ? वस्तुतः यह १६ कलाएं जीव की हैं । अर्थात् पुरुष शरीर जब प्रकट होता है तो उसमें ५ ज्ञानेन्द्रियाँ, ५ कर्मेन्द्रियाँ, १ मन और पंचमहाभूत ये मिलकर १६ कलाएं हो जाती हैं। इन्हीं को १६ कलाओं का अवतार कहा जाता है। इस परिभाषा से भगवान् श्रीराम और श्रीकृष्ण में समानता है क्योंकि दोनों मनुष्याकृति के अवतार हैं और दोनों में ११ इन्द्रि। 

कला वैसे सामान्य शाब्दिक अर्थ के रूप में देखा जाये तो कला एक विशेष प्रकार का गुण मानी जाती है। यानि सामान्य से हटकर सोचना, सामान्य से हटकर समझना, सामान्य से हटकर खास अंदाज में ही कार्यों को अंजाम देना कुल मिलाकर लीक से हटकर कुछ करने का ढंग व गुण जो किसी को आम से खास बनाते हों कला की श्रेणी में रखे जा सकते हैं। भगवान विष्णु ने जितने भी अवतार लिये सभी में कुछ न कुछ खासियत होती थी वे खासियत उनकी कला ही थी।

आपने सुना होगा कुमति, सुमति, विक्षित, मूढ़, क्षित, मूर्च्छित, जाग्रत, चैतन्य, अचेत आदि ऐसे शब्दों को जिनका संबंध हमारे मन और मस्तिष्क से होता है, जो व्यक्ति मन और मस्तिष्क से अलग रहकर बोध करने लगता है वहीं 16 कलाओं में गति कर सकता है। पंद्रह कलाओं से युक्त व्यक्ति को अंशावतार ही माना जाता है। श्रीराम बारह और भगवान कृष्ण सोलह कलाओं से युक्त थे। एक मान्यता यह भी है कि राम सूर्यवंशी हैं तो सूर्य की बारह कलाओं के कारण, उनके भीतर बारह कलाएं थी। कृष्ण चंद्रवंशी हैं तो चंद्रमा की सोलह कलाओं से युक्त होने के कारण पूर्णावतार हैं। भगवान श्रीकृष्ण के बारे में कहा जाता था कि वह संपूर्णावतार थे और मनुष्य में निहित सभी सोलह कलाओं के स्वामी थे।शास्त्रीय मान्यताओं के अनुसार ईश्वर का पूर्णावतार, ईश्वर के सोलह अंशों (कला) से पूर्ण होता है। सामान्य मनुष्य में पांच अशों (कलाओं) का समावेश होता है। यही मनुष्य योनि की पहचान भी है। पांच कलाओं से कम होने पर पशु, वनस्पति आदि की योनि बनती है और पांच से आठ कलाओं तक श्रेष्ठ मनुष्य की श्रेणी बनती है। अवतार नौ से सोलह कलाओं से युक्त होते हैं।  कला को अवतारी शक्ति की एक इकाई मानें तो श्रीकृष्ण सोलह कला अवतार माने गए हैं। सोलह कलाओं से युक्त अवतार पूर्ण माना जाता हैं, अवतारों में श्रीकृष्ण में ही यह सभी कलाएं प्रकट हुई थी। इन कलाओं के नाम निम्नलिखित हैं:-
१. श्री संपदा: प्रथम कला धन संपदा नाम से जानी जाती हैं है। इस कला से युक्त व्यक्ति के पास अपार धन होता हैं और वह आत्मिक रूप से भी धनवान होता है। 
२. भू संपदा:  वह व्यक्ति जो पृथ्वी के राज भोगने की क्षमता रखता है।  
३ कीर्ति संपदा : जिस व्यक्ति की मान-सम्मान और यश की कीर्ति चारों और फैली हुई हो।  
४. वाणी सम्मोहन:   इस कला से संपन्न व्यक्ति मोहक वाणी युक्त होता हैं।  
५. लीला : इस कला से युक्त व्यक्त अपने जीवन की लीलाओं को रोचक और मोहक बनाने में सक्षम होता है।
६. कांति : ऐसे व्यक्ति जिनके रूप को देखकर मन स्वतः ही आकर्षित होकर प्रसन्न हो जाता है।  
७. विद्या : सभी प्रकार के विद्याओं में निपुण व्यक्ति 
८. विमला : जिसके मन में किसी प्रकार का छल-कपट नहीं होता
९. उत्कर्षिणि शक्ति :जो लोगों को मंजिल पाने के लिये प्रोत्साहित कर सके।   
१०. नीर क्षीर विवेक: युद्ध तथा सामान्य जीवन में जी प्रेरणा दायक तथा योजना बद्ध तरीके से कार्य करता हैं।  
११. कर्मण्यता: जिनकी इच्छा मात्र से संसार का हर कार्य हो सकता है।  
१२. योग शक्ति :  जिन्होंने अपने मन को आत्मा में लीन कर लिया है वह योग चित्तलय कला से संपन्न होते हैं।  
१३. विनय : अहंकार नहीं होता है।
१४. सत्य धारणा : व्यक्ति कटु सत्य बोलने से भी परहेज नहीं रखता और धर्म की रक्षा के लिए सत्य को परिभाषित करना भी जानता  हैं।  
१५. आधिपत्य : व्यक्ति में वह गुण सर्वदा ही व्याप्त रहती हैं, जिससे वह लोगों पर अपना प्रभाव स्थापित कर पाता है ।
१६. अनुग्रह क्षमता : निस्वार्थ भावना से लोगों का उपकार करना अनुग्रह उपकार है।

कुल मिलाकर जिसमें भी ये सभी कलाएं अथवा इस तरह के गुण होते हैं वह ईश्वर के समान ही होता है। क्योंकि किसी इंसान के वश में तो इन सभी गुणों का एक साथ मिलना दूभर ही नहीं असंभव सा लगता है, क्योंकि साक्षात ईश्वर भी अपने दशावतार रूप लेकर अवतरित होते रहे हैं लेकिन ये समस्त गुण केवल द्वापर युग में भगवान श्री कृष्ण के अवतार रूप में ही मिलते हैं। जिसके कारण यह उन्हें पूर्णावतार और इन सोलह कलाओं का स्वामी कहा जाता है।

हजारों गुणों से भरी रामा–श्यामा तुलसी जाने कैसे हमारी इम्यून सिस्टम बढ़ाने में मददगार।

हजारों गुणों से भरी रामा–श्यामा तुलसी जाने कैसे हमारी  इम्यून सिस्टम बढ़ाने में मददगार।  


प्राचीन समय से ही तुलसी के पौधों  का धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व के साथ ही औषधीय गुण जन-जन के बीच विख्यात है। हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे का काफी धार्मिक महत्व है।  ऐसा माना जाता है कि घर में तुलसी का पौधा लगाने से घर में सकारात्मकता, धन-दौलत, ज्ञान, ऐश्‍वर्य, शांति, आरोग्य एवं शुद्धता का वास बना रहता है। यही वजह है कि तुलसी को अत्यधिक गुणकारी एवं अद्वितीय भी माना जाता है।कई लोग तुलसी की पूजा और तुलसी विवाह भी संपन्न कराते हैं. तुलसी को सेहत के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. तुलसी के पौधे में काफी औषधीय गुण भी पाए जाते हैं. यही वजह है कि इस पौधे को काफी कल्याणकारी और स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है. तुलसी भी कई प्रकार की होती हैं।  

तुलसी की मुख्यत: दो प्रजातियां अधिकांश घरों में लगाई जाती हैं। इन्हें रामा और श्यामा कहा जाता है। श्यामा  तुलसी को कृष्णा तुलसी भी कहा जाता है।  तुलसी को उसके गुणों एवं रंगों के आधार पर कई प्रजातियों में बाँटा गया है। इनमें से राम तुलसी और कृष्ण तुलसी दो लोकप्रिय प्रकार हैं। यहाँ हम राम और कृष्ण तुलसी के संबंध में जानेंगे। राम तुलसी एवं कृष्णा तुलसी दोनों का अपना-अपना औषधीय महत्व है। दोनों ही प्रकार के तुलसी के पौधे अनेक रोगों को जड़ से समाप्त करने की क्षमता से परिपूर्ण एवं आयुर्वेदिक औषधि की भांति सहायक एवं गुणकारी हैं। कहते हैं जिस घर में तुलसी होती है उस घर में सुख-समृद्धि की कमी नहीं रहती है। ईश्वर की कृपा सदैव बनी रहती है। इन दोनों तुलसी में ढेरों ऐसे गुण होते हैं जो बड़ी-बड़ी जटिल बीमारियों को दूर करने और उनकी रोकथाम करने में सहायक है। तुलसी का पौधा घर में रहने से उसकी सुगंध वातावरण को पवित्र बनाती है और हवा में मौजूद बीमारी के बैक्टेरिया आदि को भी नष्ट कर देती है। यह भी मान्यता है कि तुलसी का पौधा घर में होने से पवित्रता बनी रहती है। घर वालों को बुरी नजर प्रभावित नहीं कर पाती और अन्य बुराइयां भी घर और घरवालों से दूर ही रहती हैं। लेकिन क्या आपको है मालूम कि आपके गमले में कौन सी तुलसी विराजमान है? तुलसी के रंग के आधार पर, दो मुख्य प्रकार हैं, सफेद -राम तुलसी और काले पत्तों वाली तुलसी को श्यामा तुलसी कहा जाता है।  

राम तुलसी
रामा तुलसी हर जगह आसानी से देखने वाली तुलसी होती है, जिसके पत्ती हल्के हरे रंग की होती हैं। रामा के पत्तों का रंग हल्का होता है। इसलिए इसे गौरी भी कहा जाता है। हल्के हरे रंग के पत्तों एवं भूरी छोटी मंजरियों वाली तुलसी को राम तुलसी कहा जाता है। राम तुलसी का पूजा आदि में अधिक प्रयोग होता है। इस तुलसी की टहनियाँ सफेद रंग की होती हैं।  इसकी गंध एवं तीक्ष्णता कम होती है। राम तुलसी का प्रयोग कई स्वास्थ्य एवं त्वचा संबंधी रोगों के निवारण के लिए औषधी के रूप में किया जाता है। रामा तुलसी का इस्तेमाल मसालेदार और कड़वी, गर्म, सौम्य, पाचन, पसीना और बच्चों की सर्दी-खांसी की बीमारियों को ठीक करने के लिए किया जाता है।  

श्यामा या कृष्ण तुलसी
श्यामा तुलसी के पत्तों का रंग काला होता है। इसमें कफनाशक गुण होते हैं। यही कारण है कि इसे दवा के रूप में अधिक उपयोग में लाया जाता है। यह एक ऐसी किस्म होती है, जिसकी पत्ती, मंजरी व शाखाएं बैंगनी-काले से रंग की होती हैं। हल्के जामुनी या कृष्ण (काले) रंग की छोटी पत्तियों एवं मंजरियों का यह पौधा जामुनी रंग का होता है। श्याम तुलसी की शाखाएँ लगभग 1 से 3 फुट ऊँची एवं बैगनी आभा वाली होती हैं। इसके पत्ते 1 से 2 इंच लम्बे एवं अण्डाकार या आयताकार आकृति के होते हैं। श्यामा तुलसी मसालेदार और कड़वी, मुलायम, चिकनी, पचने में हल्की, शोषक और वात-पित्त में लाभदायक होती है।  तुलसी कफ, वायरल इन्फेक्शन, पित्ताशय की थैली, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल, हृदय, एनीमिक और कुष्ठ जैसे रोगों में भी फायदेमंद है।   श्यामा तुलसी का रस एलर्जी से भी राहत दिलाता है। यह टेंशन, स्ट्रेस दूर करता है और बदलते मौसम से होने वाली जुकाम ठीक करता है।श्यामा तुलसी का काढ़ा किसी भी तरह के बुखार को ठीक करता है। श्यामा तुलसी स्टैमिना बढ़ाने में मददगार है। ये तुलसी मेटाबोलिज्म को सही बनाये रखता है और ठंडी के मौसम में होने वाले रोगों, इन्फेक्शन से सुरक्षा प्रदान करता है। 

रामा तुलसी की तुलना में श्याम तुलसी का स्वाद ज्यादा तेज और गर्म होता है। हरे पत्तों वाली राम तुलसी बच्चों के लिए और जामुनी रंग वाली श्यामा तुलसी जवान और बड़े उम्र लोगों के लिए अधिक लाभकारी होती है। इन दोनों तुलसी में ढेरों ऐसे गुण होते हैं जो बड़ी-बड़ी जटिल बीमारियों को दूर करने और उनकी रोकथाम करने में सहायक है। तुलसी का पौधा घर में रहने से उसकी सुगंध वातावरण को पवित्र बनाती है और हवा में मौजूद बीमारी के बैक्टेरिया आदि को नष्ट कर देती है। तुलसी की सुंगध हमें श्वास संबंधी कई रोगों से बचाती है। साथ ही तुलसी की एक पत्ती रोज सेवन करने से हमें कभी बुखार नहीं आएगा और इस तरह के सभी रोग हमसे सदा दूर रहते हैं। तुलसी की पत्ती खाने से हमारे शरीर की रोगप्रतिरोधक क्षमता काफी बढ़ जाती है।

तुलसी की एक जाति वन तुलसी भी होती है। इसमें जबरदस्त जहरनाशक प्रभाव पाया जाता है, परन्तु परन्तु इसे घरों में बहुत कम लगाया जाता है। इस प्रकार की तुलसी आंखों के रोग, कोढ़ और प्रसव में परेशानी जैसी समस्याओं में बहुत उपयोगी  दवा है।

जानिये कृष्‍ण की नगरी वृन्दावन में बनने जा रहे दुनिया के सबसे ऊंचे मंदिर के बारे में रोचक जानकारी

जानिये कृष्‍ण की नगरी वृन्दावन में बनने जा रहे दुनिया के  सबसे ऊंचे मंदिर के बारे में  रोचक जानकारी 


कृष्‍ण की पवित्र  नगरी मथुरा-वृंदावन दुनिया भर  में मशहूर है और देश-विदेश के लाखों पर्यटक यहां घूमने आते हैं'।  कृष्‍ण की नगरी में वृंदावन में बनने जा रहा दुनिया का सबसे ऊंचा मंदिर और इसी के साथ यह दुनिया की सबसे ऊंची इमारत भी होगी।  वृंदावन में बनने जा रहे इस मंदिर का नाम चंद्रोदय है, जोकि दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा और मुकेश अंबानी के एंटीलिया से भी ऊंचा बनाया जा रहा है।  दुनिया में यह अब तक का सबसे विशाल, भव्य और ऊंचा मंदिर वृंदावन में बनाया जा रहा है। यह मंदिर कुतुब मीनार से भी तीन गुना उंचा होगा।

वृंदावन में बन रहे देश के सबसे उंचे चंद्रोदय मंदिर का निर्माण साल  2022 तक पूरा हो जाने की संभावना है। इसे इस्काॅन की बैंगलोर इकाई के द्वारा कुल  700  करोड़ रुपए की लागत से निर्मित किया जा रहा है। इस मंदिर के मुख्य आराध्य देव भगवान कृष्ण होंगे। इस मंदिर के 20 एकड़ क्षेत्र में भगवान कृष्ण पर आधारित देश के पहले थीम पार्क का भी निर्माण किया जाएगा। इस  मंदिर की आधारशिला 16 नवंबर 2014 को तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने रखी थी तथा उत्तरप्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंदिर का शिलान्यास किया था।  मंदिर का भूमि पूजन मथुरा की सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी द्वारा किया गया था। जानिये वृन्दावन में बनने वाले मंदिर के बारे में कुछ रोचक जानकारी : 


बताया जा रहा है कि इस्कॉन संस्था द्वारा वृंदावन में बनाया जाने वाले इस 70 मंजिला चंद्रोदय मंदिर की ऊंचाई 210 मीटर होगी और य‍ह एक पिरामिड के आकार में बनाया जाएगा. इसे बनाने की तैयारियां 2006 से की जा रही थीं। दिल्ली में 72.5 मीटर के कुतुब मीनार से इस इसकी ऊंचाई 3 गुना ज्यादा होगी, जिस के कारण पूर्ण होने पर, यह विश्व का सबसे ऊंचा धर्मालय बन जाएगा। पूरी बिल्डिंग में 511 पिलर होंगे। इन पर पूरी बिल्डिंग का वजन 5 लाख टन होगा, जबकि ये पिलर नौ लाख टन वजन सह सकते हैं। मंदिर के लिए हाई स्पीड लिफ्ट तैयार की जा रही है। इस मंदिर की सबसे खास बात यह है कि यदि किसी तूफान की वजह से बिल्डिंग एक मीटर झुक भी गई तो भी लिफ्ट सीधी चलती रहेगी। गति और दिशा में परिवर्तन नहीं होगा।

इस मंदिर की खास बात यह है कि इसकी केवल ऊंचाई ही नहीं बल्कि गहराई भी अधि‍क होगी, ताकि नींव भी उतनी ही मजबूत रहे। यह इमारत लगभग 55 मीटर गहरी होगी और इसका आधार 12 मीटर तक ऊंचा होगा। जबकि दुबई स्थि‍त दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा की गहराई मात्र 50 मीटर है। अत: चंद्रोदय मंदिर की गहराई बुर्ज खलीफा से भी 5 मीटर अधि‍क है। प्राकृतिक आपदा के लिहाज से भी इसे काफी मजबूत बनाया जा रहा है और 8 रिक्टर स्केल से अधिक तीव्रता का भूकंप भी इसे क्षति नहीं पहुंचा सकेगा। इसके अलावा इसमें प्रयोग किए जाने वाले कांच और अन्य सामान भी भूकंप रोधी होंगे। यह 170 किलोमीटर की तीव्रता के तूफान को भी झेलने में सक्षम होगा।  

इसके गगनचुम्बी शिखर के अलावा इस मंदिर की दूसरी विशेष आकर्षण यह है की मंदिर परिसर में 26  एकड़ के भूभाग पर चारों ओर 12 कृत्रिम वन बनाए जाएंगे, जो मनमोहक हरेभरे फूलों और फलों से लदे वृक्षों, रसीले वनस्पति उद्यानों,  हरे घास के मैदानों,  पेड़ों की सुंदर खा़काओं, पक्षी गीत द्वारा स्तुतिगान फूल लादी लताओं, कमल और लिली से भरे साफ पानी के पोखरों एवं छोटी कृत्रिम पहाड़ियों और झरनों से भरे होंगें, जिन्हें विशेष रूप से पूरी तरह हूबहू श्रीमद्भागवत एवं अन्य शास्त्रों में दिये गए कृष्णकाल के विवरण के अनुसार ही बनाया जाएगा ताकि यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं को कृष्णकाल के ब्रज का आभास कराया जा सके। पूरी तरह से तैयार होने के बाद यह मंदिर कृष्ण भक्तों की वृंदावन की कल्पना को पूरी तरह से साकार करेगा। यमुना के स्वरूप में कृत्रिम झरने का निर्माण किया जाएगा जिसमें पर्यटकों को नौकायन का अवसर भी मिलेगा। बच्चों को भी आनंद की अनुभूति होगी क्योंकि वहां जंगल में कृष्ण-लीला देखने को मिलेगी।

मंदिर की सबसे ऊंची मंजिला का नाम ब्रज मंडल दर्शन रखा गया है। यहां से ब्रज के 76 धार्मिक स्थानों और ताजमहल तक को दूरबीन से देखा जा सकेगा। पूरे मंदिर को घूमने  में श्रद्धालुओं को तीन से चार दिन लगेंगे। परंपरागत द्रविड़ और नगर शैली में बनाया जा रहा यह मंदिर, 200 सालों में अब तक का सबसे मॉडर्न मंदिर होगा, जिसमें 4डी तकनीक द्वारा देवलोक और देवलीलाओं के दर्शन भी किए जा सकेंगे। इसके अलावा इसमें श्रीकृष्ण के जीवन लीलाओं को जानने के लिए लाइब्रेरी तथा अन्य माध्यम भी होंगे।

इस व्यापक परियोजना के साथ ब्रज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए अक्षय पात्र मध्याह्न भोजन कार्यक्रम और वृंदावन की विधवाओं के लिए कल्याणकारी कार्यक्रमों को और मजबूत बनाने का उद्देश्य है। इसके साथ ब्रज के विभिन्न स्थलों का कायाकल्प किया जाएगा और यमुना नदी पर ध्यान दिया जाएगा।